शिला पूजन के साथ पूरे नगर में बांटी गई मिठाई

श्री राम लला को चढ़ा डेढ़ कुंतल का प्रसाद 
चांदी का पान व सुपारी किया गया अर्पित 
सगड़ी (आजमगढ़)। सगड़ी तहसील का नगर पंचायत जीयनपुर बुधवार को अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिला व भूमि पूजन कार्यक्रम का सहयात्री बना। नगर में  भी श्री राम मंदिर निर्माण के लिये शिला का पूजन किया गया जिसके साथ चांदी के पान व चांदी की सुपारी अर्पित की गई। भगवान श्री राम लला को डेढ़ कुंतल लड्डुओं का भोग चढ़ाया गया। वैदिक मंत्रों की अनुगूंज के बीच यज्ञाचार्यों ने पूजन किया तथा अयोध्या भेजी जाने वाली शिला को यजमानों को अर्पित किया। पूरे नगर में प्रसाद रूपी मोदक का वितरण किया गया।

 अवध में भगवान श्री राम के वनवास की समाप्ति व उनको घर मिलने की खुशी पूरे देश में देखी जा रही है। सगड़ी तहसील के नगर पंचायत जीयनपुर के प्राचीन शिव मंदिर में बुधवार को कुछ ऐसा ही नजारा रहा। सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुये वैदिक यज्ञाचार्य पंडित आनंद वर्धन मिश्रा व पंडित ओकार नाथ शास्त्री के आचार्यत्व में विधिवत शिलापूजन किया गया। सदियों से श्री राम मंदिर की प्रतिक्षा कर रहे भक्त जनों की खुशी देखते ही बन रही थी। मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया था। जगह- जगह आकर्षक रंगोलियां बता रही थी कि यह पल ऐतिहासिक व स्वर्णिम है। तय समय पर नगर के व्यापारियों व आम जनों के सहयोग से शिला पूजन, रजत द्रव्य अर्पण के उपरांत डेढ़ कुंतल मोदक भोग लगाया गया। मंदिर में भीड़ न हो इसके लिये घर-घर जाकर प्रसाद वितरण किया गया। नगर के लोगों ने अपने घरों पर केसरिया ध्वज फहराया। आयोजक ज्ञानेंद्र मिश्र ने बताया कि तय समय पर एक दिन समस्त शिलायें अयोध्या भगवान के श्री धाम पहुंचा दी जायेंगी। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी की वजह से आज देश का हिंदू जनमानस यह स्वर्णिम दिन देख रहा है। आज के इस ऐतिहासिक दिन सभी नगर वासी शाम को अपने घरों को दीये से रौशन करेंगे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मारकण्डेय मिश्र, भाजपा नेता दिवाकर सिंह, सोनू सेठ  शिवगोपाल जायसवाल, आनंद प्रकाश तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, अभिषेक मद्येशिया, डब्लू गुप्ता, पारस नाथ पुजारी, संतोष तिवारी, प्रकाश तिवारी, अम्बिका जायसवाल, ज्वाला जायसवाल, नंदलाल मोदनवाल, गोविंद मद्येशिया, शिवदान चौरसिया, शशि बर्नवाल, शिवकुमार चौहान, दुर्गेश मोदनवाल, अंकित शर्मा, मुन्ना यादव सहित दर्जनो लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मुझे तो आखिरी घर तक दिया जलाना है

....उनके हर ऐब भी जमाने को हुनर लगते हैं

एक ऐसा विद्यालय जहां स्वीमिंग पुल में नहाते हैं बच्चे और दूरबीन से निहारते हैं चांद को