आस्था का ज्वार हिलोरे लेता है तो निकलती है ऐसी शिव बारात
नगर पंचायत जीयनपुर में महा शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं मे उत्साह
हाथी, घोड़े से सजी बारात में भूतों ने दिखाये करतब
सगड़ी । सगड़ी तहसील के जीयनपुर नगर पंचायत में शिवरात्रि का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया, सुबह सबेरे से ही जहां शिव मंदिरों में महादेव के जलाभिषेक के लिये भीड़ उमड़ी रही तो अपराह्न निकली शिव बारात पूरे नगर का भ्रमण कर शाम तक प्राचीन शिव मंदिर पर पहुंची। बारात के दौरान विविध झााकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जगहं-जगहं नगर वासियों और दुर्गा पूजा समितियों द्वारा बारातियों के लिये नाश्ते व जलपान की व्यवस्था रही, ढोल, नगाड़े, हाथी, घोड़े, भूत प्रेत से सजी ऐसी बारात तभी निकलती है जब आस्था का ज्वार हिलोरे लेता है।
जीयनपुर नगर पंचायत के मुख्य बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर, समता नगर बाबा विश्वनाथ मंदिर, व बासदेव स्थान पर महादेव के जलाभिषेके लिये गुरूवार को सुबह से महिलाओं, कन्याओं व श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। सब ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, अबीर इत्र आदि चढ़ाकर देवाधिदेव से आर्शीवाद मांगा। मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। मंदिरों को परम्परागत तरीके से सजाया गया था। अपराह्न शिव बारात की भव्य झांकी कोईरी पोखरा स्थित शिव मंदिर से निकली। हाथी, घोड़े, कठघोड़वा की नाच से सजी बारात सबसे पहले जीयनपुर चौक पहुंची जहां कलाकारों ने अपनी झांकी का प्रदर्शन किया, शिव व पार्वती का मनमोहक नृत्य देखकर जनता उल्लास से भर गई। नगर के ढोलकियांे द्वारा शानदार प्रदर्शन किया गया एक ढोल बादक के सीने पर दूसरे ढोल वादक द्वारा खड़े होकर ढोल बजाना देख लोग दातों तले अंगुली दबाने को विवश हो गयें। जीयनपुर चौक पर ही हनुमान वेशधारी युवक ने भाव नृत्य प्रस्तुत किया तथा शिव व सती के मनोहारी भाव नृत्यों की प्रदर्शनी की गई। पूरे नगर वासियों द्वारा जगहं-जगहं आरती उतारी गई। डीजे का शोर सबको असहज जरूर कर रहा था लेकिन नगर के युवाओं को वही रास आ रहा था। केसरिया ध्वज लेकर युवाओं से नगर की सड़के पट गई। बारात में जमकर अबीर गुलाल उड़े, शिवदान चौरसिया की टीम ने कई पारम्परिक गीतों के अतिरिक्त फगुआ और चौताल सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कठघोड़वा का नाच बहुत दिनोे के बाद लोगों को देखने को मिला, बच्चे खासे खुश दिखे। नगर में कई जगहों पर शिव बारातियों के लिये स्वतः स्फूर्त जलपान की व्यवस्था की गई थी। बूंदी, ठंडई, छोला, समोसा, लड्डू का बारातियों ने जमकर भोग लगाया वहीं कुछ लोग यह भी कहते नजर आये भईया हम तो घराती पक्ष से हैं इसलिये हम तो कुछ न खायेंगें। नगर के उत्तरी छोर से निकली बारात जब दक्षिणी छोर से होते हुये आजाद नगर , आदर्श नगर होते हुये प्राचीन शिव मंदिर पहुंची। इस दौरान जीयनपुर थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अपने दल बल के साथ मौजूद रहे। लोगों अपने-अपने घरों की छतों से शिव बारात का आनंद लेते दिखे। बहुत दिनों के बाद शानदार शिव बारात निकाले जाने पर नगर वासियों में उल्लास दिखा था। इस दौरान प्रमुख रूप से जीयनपुर नगर पंचायत के चेयरमैन पुरूषोत्तम यादव, पूर्व चेयरमैन हरिशंकर यादव, नंदलाल यादव, बाबा हरिशंकर दास, आनंद प्रकाश तिवारी, ज्ञानेंद्र मिश्रा, सुनील सोनी, हिंमांशु जायसवाल, अन्नु चौरसिया, अंबीका प्रसाद जायसवाल, मुन्ना लाल चौरसिया, पवन शिल्पकार, गोविंद मद्येशिया, अरूण जायसवाल, मनोज जायसवाल, मनीष चौरसिया, जीतबहादुर लाल, संतोष चौरसिया, मुरलीधर, वेदप्रकाश जायसवाल, रामकवल गुप्त, राजकुमार मोदनवाल, प्रद्युम्न मोदनवाल, विवेक मोदनवाल, सूरज जायसवाल, मुन्ना वैद्य सहित सैकड़ो लोग शामिल हुये।







टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें